सीतापुर। पूर्वोत्तर रेलवे ने त्योहारों पर मुसाफिरों को स्पेशल ट्रेनों की सौगात दी है। रूट पर सात स्पेशल ट्रेनें फर्राटा भरेंगी। एक ट्रेन अमृतसर से सहरसा को जाएगी। तीन अन्य जोड़ी ट्रेनें भी दौड़ेंगी। इनमें दिल्ली-सहरसा, दिल्ली-गोरखपुर एवं आनंद विहार से पटना शामिल हैं।
हर साल पूर्वोत्तर रेलवे यात्रियों को सुविधाएं देने को दो महीने स्पेशल ट्रेनें चलता है। यह ट्रेनें दशहरा से शुरू होकर छठ पूजा तक चलती है। इस साल भी पूर्वोत्तर रेलवे ने त्योहारों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। रेलवे के मुताबिक सीतापुर रूट पर ट्रेन संख्या 04626 सामान्य रेल गाड़ी दौड़ेगी।
यह ट्रेन अमृतसर से वाया सीतापुर होते हुए सहरसा तक जाएगी। इसी प्रकार आनंद विहार टर्मिनल से एक जोड़ी दौड़ाई जाएगी। यह ट्रेन गाजियाबाद से वाया सीतापुर होते हुए फारबीसगंज जाएगी। दूसरी ट्रेन वाया सीतापुर होते हुए आनंद विहार टर्मिनल को जाएगी। इसी प्रकार मुसाफिरों की सुविधा को देखते हुए एक जोड़ी सामान्य यहां के ट्रैक पर दौड़ेगी।
एक ट्रेन दिल्ली चलकर वाया सीतापुर होते हुए गोरखपुर जाएगी। यह ट्रेन 25 अक्तूबर को दिल्ली से रवाना होगी। दूसरी ट्रेन 26 अक्तूबर को गोरखपुर से चलेगी। यह ट्रेन वाया सीतापुर होते हुए दिल्ली जाएगी। यह ट्रेन पूरी तरह से सामान्य होगी।
नवंबर माह में भी एक जोड़ी ट्रेन यहां के रूट पर फर्राटा भरेगी।
यह ट्रेन सहरसा से चलकर वाया सीतापुर होते हुए दिल्ली को जाएगी। ये ट्रेन पांच व आठ नवंबर को सहरसा से चलेगी। जबकि दूसरी ट्रेन दिल्ली से वाया सीतापुर होते हुए सहरसा को जाएगी। ये ट्रेन सात नवंबर व दस नवंबर को दिल्ली से यात्रियों को लेकर सहरसा को जाएगी। इस ट्रेन में यात्रियों को शयनयान व सामान्य दोनों तरह की सुविधा मिलेगी।