लहरपुर। इलाके के रावल अदेसर गांव में रविवार को एक बालिका की तालाब में डूबकर मौत हो गई। बेहड़ा कोदहरा गांव निवासी मनीषा (10) ग्राम रावल अदेसर में अपने ननिहाल आई थी। रविवार को वह गांव के कुछ बच्चों के साथ मछली पालन के लिए बने तालाब में नहाने चली गई। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बालिका को तालाब से निकाला। उसको निजी वाहन से स्थानीय सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नहर में कूदा बुजुर्ग, लोगों ने बचाया
सीतापुर। रामपुरकलां इलाके में रविवार को एक बुजुर्ग शारदा सहायक नहर में कूद गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया। सिधौली के जनकपुर खेरिया निवासी यशवंत (70) काफी समय से सिर दर्द से परेशान हैं। रविवार को वह अपने घर से दवा लेने के लिए निकले थे। सरैंया कादीपुर पहुंचकर वह शारदा सहायक नहर पुल पर बैठ गए। कुछ देर बाद वह उठे और पुल पर एक पत्र रखकर नहर में कूद गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत नहर में उतरकर उन्हें बचा लिया। थानाध्यक्ष लल्ला गोस्वामी ने बताया कि बुजुर्ग को सीएचसी पहला में भर्ती कराया गया। वहां से उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। यशवंत के पुत्र अजय कुमार ने बताया कि पिता काफी समय से सिर दर्द से परेशान हैं। (संवाद)