सीतापुर। बेसिक शिक्षा विभाग का उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन शुक्रवार को विकास भवन सभागार में हुआ। इसमें 55 शिक्षकों को सीडीओ व बीएसए ने सम्मानित किया। उनकी हौसला आफजाई करते हुए आगे भी निरंतर बेहतर तरीके से शिक्षण कार्य करते रहने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीडीओ अक्षत वर्मा ने कहा जनपद के लिए यह बड़े गौरव की बात है कि करीब 17 हजार शिक्षकों में से 55 शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में सम्मानित करने का अवसर प्राप्त हुआ है। निश्चित ही इन शिक्षकों ने अपनी कड़ी मेहनत से नौनिहालों का भविष्य संवारने में मदद की।
डायट प्राचार्य मनोज कुमार अहिरवार ने कहा कि शिक्षकों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया है। बीएसए अजीत कुमार ने चयनित शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। भविष्य में भी इसी प्रकार अपना योगदान देते रहने की अपेक्षा की।
सम्मान पाने वालों में मुख्य रूप से राज्य अध्यापक पुरस्कार विजेता नीलम कुमारी प्रधानाध्यापिका मिश्रापुर खैराबाद, एलिया विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय बेलगवां से पूजा सक्सेना व संविलयन विद्यालय सेमउरा से फरहाना, जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा को चुना गया।
पूजा ने बताया कि कोरोना कॉल में शिक्षा के प्रसार में कोई कमी न रहने पाए, इसलिए हमने और हमारे सहयोगियों ने मोहल्ला कक्षा व बच्चों से व्यक्तिगत संपर्क करके उन्हें शिक्षित करने का प्रयास किया। इस अवसर पर तमाम शिक्षक मौजूद रहे।