तपिश व उमस की जुगलबंदी से दिनभर परेशान रहे लोग
सीतापुर। मौसम के बदले मिजाज ने सोमवार को लोगों की दुश्वारी बढ़ा दी। चिलचिलाती धूप के साथ दिन में उमस भरी गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। पारा 36 डिग्री पर जा पहुंचा। पिछले दिनों बारिश व बदली के चलते मौसम में आई नरमी के बाद अब भीषण गर्मी से हर कोई बेहाल नजर आ रहा है। अगले चौबीस घंटों तक मौसम इसी तरह सख्त बने रहने के आसार हैं।
सोमवार की सुबह से ही मौसम के मिजाज तल्ख नजर आए। सूरज ने दर्शन देकर अपनी चमक बिखेरनी शुरू कर दी। चिलचिलाती धूप सुबह से ही शरीर में चुभने लगी। दिन चढ़ने के साथ ही धूप तीखी होती रही। दोपहर के समय तपिश व उमस की जुगलबंदी मानों कहर ढाने लगी।
पंखे व कूलर तक गर्मी से राहत दिलाने में नाकाम साबित हुए। सड़क पर राहगीरों का हाल बेहद बुरा रहा। कुछ दूर चलते ही पसीने में तरबतर होकर राहगीर छांव तलाशते नजर आए। तेज धूप से बचने के लिए लोग कपड़े से सिर व चेहरा ढके रहे।
जबकि कई लोग छाते के सहारे धूप से बचने का जतन करते दिखाई दिए। सूरज ढलने के बाद तपिश से राहत मिल गई लेकिन उमस के तेवर बरकरार रहे। उमस ने हर किसी का हाल-बेहाल कर दिया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को अधिकतर तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मंगलवार को हल्के बादल छाए रहने के बाद भी गर्मी का प्रकोप इसी तरह बने रहने की संभावना है।