बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में एक युवती ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने युवती को राजकीय महिला अस्पताल अलीगंज लखनऊ में स्टाफ नर्स की नौकरी दिलाने के नाम पर किश्तों में 74 हजार रुपये हड़प लिए। लखनऊ में बुलाने के बाद 30 हजार रुपये ऐंठे। अब ठग युवती की कॉल नहीं रिसीव कर रहा है। परेशान होकर पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
कोतवाली बिसवां इलाके के मोहल्ला कमंगरी टोला निवासी रुबीना खातून ने बताया कि उसने नौकरी डॉट कॉम पर रजिस्ट्रेशन कराया था। आठ अक्टूबर को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। उसने नौकरी दिलाने की बात कहते हुए पहली बार में 1100 रुपये मांगे। युवती ने गूगल के जरिये 1100 रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद वह युवती से 45 सौ, 65 सौ, 12 हजार, 10 हजार रुपये बहाने से ऐंठता रहा। राजकीय महिला अस्पताल अलीगंज लखनऊ में स्टाफ नर्स की नौकरी दिलाने का झांसा देता रहा। युवती उसकी बातों में फंसती चली गई।
युवती का कहना है कि 10 अक्तूबर को कॉल कर उसने बताया गया कि आपका चयन स्टॉफ नर्स के पद पर राजकीय महिला अस्पताल अलीगंज लखनऊ में हो गया है। इसके लिए 18 अक्तूबर को उसने महानगर लखनऊ बुलाया। युवती लखनऊ पहुंच गई। वहां पर उसने तीस हजार रुपये नकद लिए और आश्वासन दिया कि जल्द ही नौकरी लग जाएगी।
इसके बाद से युवती कई दिनों तक नौकरी लगने का इंतजार करती रही। जवाब नहीं मिलने पर उसने उस व्यक्ति के पास कॉल की, लेकिन अब वह कॉल नहीं रिसीव कर रहा है। इसके बाद युवती को ठगे जाने की जानकारी हुई। मामले की तहरीर उसने पुलिस को दी है। इंस्पेक्टर बिसवां राजीव सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।