बिसवां इलाके में डीसीएम की चपेट में आई बाइक
बिसवां (सीतापुर)। एक बाइक पर पांच लोगों की सवारी शुक्रवार को जानलेवा साबित हुई। पत्नी, दो बच्चों व महिला रिश्तेदार को लेकर जा रहे युवक की बाइक बेकाबू होकर डीसीएम की चपेट में आ गई। हादसे में एक महिला बाइक से गिरकर डीसीएम से कुचल गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि उसका पति, दो बच्चे व महिला रिश्तेदार बाल-बाल बच गई।
हादसे के बाद लोगों ने चालक को डीसीएम समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। मानपुर के पड़ावपुरवा निवासी सर्वेश शुक्रवार दोपहर अपनी पत्नी माया देवी (25), दो बच्चों व रिश्तेदार रोहिणी को लेकर सकरन के लहसड़ा गांव निवासी रिश्तेदार के यहां से घर लौट रहा था।
जब वह बिसवां इलाके में बहराइच मार्ग पर भोलागंज के पास पहुंचा, तभी पांच लोगों को लेकर जा रही बाइक तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक से गिरकर डीसीएम से कुचलने से माया देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति, दोनों बच्चे व रिश्तेदार रोहिणी बाल-बाल बच गई। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।