महमूदाबाद (सीतापुर)। खड़ंजा लगाने को लेकर हुए विवाद में प्रधान पुत्र ने बुजुर्ग की लात-घूसों से जमकर पिटाई कर दी। जिससे वह मौके पर गिरकर बेहोश हो गया। आननफानन में उसे सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने नाजुक हालत देख ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गोहली मजरे सेमरा में खड़ंजे का निर्माण हो रहा था। बताते है कि खड़ंजा मकानों की सतह से काफी नीचा लगाया जा रहा था। ग्रामीण प्रधान के पति से खड़ंजा ऊंचा लगवाए जाने की बात कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
बातचीत बढ़ने गांव के अन्य ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। आरोप है कि इतने में प्रधान दो पुत्र मौके पर पहुंच गए और दोनों ने रामनरेश (60) की लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में रामनरेश मौके पर बेहोश हो गया।
आननफानन में रामनरेश को सीएचसी महमूदाबाद लाया गया, जहां इमर्जेंसी में तैनात डॉ. फिरोज ने घायल रामनरेश की हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित रामनरेश ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।