सीतापुर। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने पर सांसद व भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा को सरकारी बकाएदारी अदा करने का ख्याल आया। नामांकन में पेंच न फंस जाए इसलिए अब उन्होंने साढ़े छह लाख रुपये की देनदारी लहरपुर तहसील में जमा कराई। जबकि इसके लिए अदालत द्वारा साल 2018 में नोटिस जारी किया गया था।
दरअसल, सीतापुर संसदीय सीट से वर्तमान सांसद और भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा का तंबौर में वर्मा फिलिंग स्टेशन नाम से पेट्रोल पंप है। मोटर एक्सीडेंट क्लेम का इन्हें छह लाख 51 हजार 86 रुपये जमा करना था। इसके लिए जुलाई 2018 में अपर जिला जज संख्या पांच ने नोटिस भी जारी किया था। मगर क्लेम की रकम जमा नहीं की गई।
अब लोकसभा चुनाव का नामांकन शुरू हो गया है। इसके लिए सारी देनदारियां चुकाकर नो ड्यूज लेना जरूरी है। लिहाजा, राजेश वर्मा ने 10 अप्रैल को ये रकम लहरपुर तहसील में जमा कराई है। लहरपुर तहसील प्रशासन द्वारा इस रकम का ड्राफ्ट बनवाकर अदालत भेज दिया गया है। इस बाबत सांसद राजेश वर्मा से बात करने का प्रयास किया गया मगर उनसे बात नहीं हो पाई।