लहरपुर। कोतवाली इलाके में रविवार को अवैध खनन के मामले में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और जेसीबी के सीज होने की कार्रवाई से आहत पट्टाधारक ने सोमवार को तहसील परिसर में जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। नाजुक हालत देख सीएचसी के डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
माना जा रहा है कि जुर्माने की राशि अधिक होने की वजह से परेशान होकर उसने कदम उठाया। लहरपुर इलाके में रविवार को एसडीएम सुरेश कुमार और खनन अधिकारी ने अभियान चलाकर अवैध खनन के मामले में छह ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और जेसीबी को सीज कर दिया था।
बताया जाता है कि जिस स्थान पर खनन हो रहा उसका पट्टा ताहपुर निवासी कन्हैया लाल का था। बताते हैं कि पट्टे की अवधि खत्म हो गई थी। इसी को लेकर अफसरों ने कार्रवाई कर दी थी। सोमवार को पट्टाधारक तहसील परिसर में पहुंचा, जहां पर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
इससे उसकी हालत बिगड़ गई। सूचना पाकर एसडीएम, इंस्पेक्टर चैंपियन लाल मौके पर पहुंचे और उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसडीएम सुरेश कुमार ने बताया कि अवैध खनन की कार्रवाई जिला खनन अधिकारी ने की है। मामले की जांच की जा रही है।