फोटो-14 परिवहन वर्कशाप में चालकों का नेत्र परीक्षण करते चिकित्सक। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। जिले में अनफिट वाहन सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। नियम-कानून दरकिनार कर चल रहे वाहनों को लेकर एआरटीओ प्रशासन ने वाहन स्वामियों को फिटनेस कराने का नोटिस जारी किया है। चेताया कि बिना फिटनेस के वाहन पकड़े जाने पर पांच हजार का जुर्माना पड़ेगा।
दूसरी तरफ सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे चरण के तहत परिवहन विभाग ने मंगलवार को परिवहन निगम वर्कशाप में कार्यशाला व नेत्र परीक्षण शिविर लगाया। नेत्र शिविर में 46 चालकों का नेत्र परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण ने बताया कि रोडवेज बसों के ड्राइवरों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। रोडवेज बस पर बैठने वाली सावरियों को गंतव्य तक पहुंचाना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है।
यात्रीकर अधिकारी शैहपर किदवई ने कहा कि बार-बार सड़क सुरक्षा कार्यक्रमों का आयोजन करना इस बात को दर्शाता है कि शासन हादसों के प्रति गंभीर है। सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। एआरटीओ प्रशासन माला बाजपेई ने बताया कि जिले में 1235 अनफिट वाहनों को फिटनेस का नोटिस जारी किया गया है। कार्यशाला में डॉ. फिरोज अहमद, डॉ. दिलशाद, डॉ. विवेक के साथ ही वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज टंडन भी मौजूद रहे।