सीतापुर। आशा कार्यकर्ता नए साल 2022 से अपना कामकाज आसानी से निपटा सकेंगी। शुक्रवार को उनको स्मार्टफोन का तोहफा मिला है। लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की 50 आशा कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन वितरित किए। इसके साथ ही जिला मुख्यालय व ब्लॉक मुख्यालयों पर भी स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसका लाभ जिले की 1231 कार्यकर्ताओं को मिला।
जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 15 आशा कार्यकर्ताओं को डीएम विशाल भारद्वाज व सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने स्मार्टफोन दिए। इसके अलावा ब्लॉक मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों में भी 1166 आशा कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए। स्मार्टफोन के साथ ही इन सभी को सीयूजी सिम भी उपलब्ध कराए गए हैं। ये सभी आशा कार्यकर्ता हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर तैनात हैं।
डीएम विशाल भारद्वाज ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ कही जाने वाली आशा कार्यकर्ताओं को हाईटेक बनाने की दिशा में यह बेहतर कदम है। इस कदम से अब आशा कार्यकर्ताओं का काम करना और भी सुगम हो जाएगा। वे अपने आंकड़ों व अन्य जानकारियों को अपने स्मार्टफोन में सुरक्षित कर सकेंगी।
सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि गर्भवती महिलाओं की जांच, प्रसव, हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं को चिह्नित करना, उनका इलाज कराना व बच्चों के साथ गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण कराने की जिम्मेदारी आशाओं की है। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. पीके सिंह, डॉ. डीके सिंह, डॉ. कमलेश चंद्रा व डीपीएम सुजीत वर्मा आदि मौजूद रहे।
डिस्ट्रिक्ट कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर रिजवान मलिक ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं को मोबाइल के साथ मिले सीयूजी नंबर में हर माह 200 रुपये का रिचार्ज भी विभाग कराएगा। उन्होंने बताया कि संगिनी कॉम केयर एप पर गर्भवती महिलाओं व बच्चों का डाटा फीड कर सकेंगी। जिले में 3731 आशा कार्यकर्ता हैं। इनमें से 1231 को पहले चरण में स्मार्टफोन मिले। अन्य 2500 आशा कार्यकर्ताओं को भी जल्द ही स्मार्टफोन दिए जाएंगे।