सीतापुर। घटनाओं पर अंकुश लगाने की मंशा से एसपी आरपी सिंह ने शुक्रवार को महमूदाबाद में बड़ी कार्रवाई कराई है। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की कड़ी में पुलिस ने अपराध से अर्जित एक गैंगेस्टर की करीब एक करोड़ पांच लाख की संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की है। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि डीजीपी के आदेश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। बताया कि इसी बीच जांच में सामने आया कि महमूदाबाद इलाके के शादीपुर मजरा सैदनपुर निवासी रंजीत वर्मा शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ कई केस दर्ज हैं। वह संगठित गिरोह बनाकर अपराध को अंजाम देता है।
एनपी सिंह ने बताया कि रंजीत ने गैंग के जरिए अपराध करके अवैध संपत्ति बनाई थी। जांच में यह बात सामने आने के बाद उसके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। इस कार्रवाई के बाद डीएम के आदेश पर शुक्रवार को महमूदाबाद पुलिस, सदरपुर पुलिस व प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे और मुनादी कराते हुए गैंगेस्टर के मकान पर डीएम के आदेश का नोटिस चस्पा कराया। इसी के साथ पुलिस ने उसके मकान को जब्त कर लिया है।
एएसपी ने बताया कि गैंगेस्टर रंजीत का मकान तीन मंजिला है। जब्त की गई संपत्ति की कीमत करीब एक करोड़ पांच लाख आंकी गई है। उसकी कमाई का कोई अन्य जरिया नहीं है। वह अपराध से संपत्ति बनाता था। जिस मकान को जब्त किया गया है, उसका कुल क्षेत्रफल 490.12 वर्ग मीटर है। कार्रवाई के दौरान सीओ बिसवां सुशील कुमार सिंह, नायब तहसीलदार प्रीती सिंह, कोतवाल मुकुल प्रकाश वर्मा व एसओ सदरपुर अमित भदौरिया मौजूद रहे।
गैंगेस्टर की संपत्ति को जब्त करने के बाद पुलिस अब उसकी गैर जिलों में मौजूद प्रॉपर्टी के बारे में भी पता लगा रही है। एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि गैंगेस्टर की संपत्ति बाराबंकी और लखनऊ में भी है। उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीमें लगी हुई हैं।
एएसपी एनपी सिंह ने बताया कि अपराध से अर्जित की गई संपत्ति को जब्त करने की दिशा में जारी कार्रवाई के बीच अब तक एक अरब की प्रॉपर्टी जब्त की गई है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। बताया कि ऐसे अपराधियों को कड़ा संदेश है कि जिसने भी अपराध से संपत्ति बनाई है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
गैंगेस्टर की कार्रवाई के बाद जिस अपराधी की संपत्ति जब्त की गई है, वह काफी शातिर बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड को देखें तो वह शराब माफिया भी है। 12 जून 2021 को आरोपी रंजीत ने कोतवाली महमूदाबाद इलाके के ही गांव सैदनपुर की रहने वाली सुनीता को गोली मारी थी। रंजीत पर हत्या करने की कोशिश समेत नौ से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।