कैली अस्पताल में इलाज कराने गया युवक कोरोना संक्रमित मिला
सिद्धार्थनगर। जिले में बृहस्पतिवार को दो और लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। बुधवार की देर शाम के चार केस को स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर अपडेट किया गया है। इस कारण स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को कोरोना के पॉजिटिव केस की संख्या छह दर्शाया है। फिलहाल जिले में कोरोना के 11 केस एक्टिव हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, डुमरियागंज के भनवापुर क्षेत्र का एक मरीज बस्ती के कैली में इलाज कराने गया था। जांच में पता चला कि वह कोरोना पॉजिटिव है। वहां के डॉक्टरों ने सावधानी पूर्वक उसे दवा देकर होम आइसोलेशन के लिए भेज दिया। फिलहाल उसकी तबीयत ज्यादा खराब नहीं है। वहीं डुमरियागंज के ही एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उस व्यक्ति की भी तबीयत गंभीर नहीं है। इनके अलावा बुधवार की देर शाम बर्डपुर क्षेत्र के तीन और नौगढ़ के एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी।
इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर सर्वे करके लोगों में कोरोना के लक्षण की तलाश की है। सैनिटाइजेशन करने के बाद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. सौरव चतुर्वेदी ने बताया कि जिनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है, उनके संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच कराई जा रही है। फिलहाल जिले में कोरोना के एक्टिव केस 11 हैं।