मिश्रौलिया। थाना क्षेत्र के चेतिया टोला मदरहिया गांव में 19 वर्षीय युवती का घर के कमरे में फंदे से शव लटका मिला। इससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मदरहिया गांव निवासी रुक्मिणी उर्फ रेनू मंगलवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। कुछ देर बाद उसकी छोटी बहनें रूप (16) और अंशिका (12) जब कमरे में सोने पहुंचीं तो उन्होंने रुक्मिणी का शव छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका देखा। दोनों बहनों के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों के मुताबिक रात अधिक होने के कारण घटना की सूचना तत्काल पुलिस को नहीं दी जा सकी। बुधवार सुबह चेतिया चौकी पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता ने बताया कि रुक्मिणी की शादी बांसी थाना क्षेत्र के गोनहाताल गांव निवासी युवक के साथ तय हुई थी। उनके अनुसार वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में रहती थी और अक्सर मोबाइल फोन पर अपने होने वाले पति से बातचीत करती थी। घटना वाली रात भी दोनों के बीच बातचीत हुई थी। हालांकि पुलिस इस संबंध में भी जांच कर रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
रुक्मिणी चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। बड़ा भाई लक्ष्मण मुंबई में रहकर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके बाद रुक्मिणी, फिर रूप और सबसे छोटी बहन अंशिका हैं।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।