माफिया के संपूर्ण सफाया के लिए चाहिए योगी सरकार : मनोज तिवारी
सांसद मनोज तिवारी ने इटवा में प्रत्याशी के समर्थन में की जनसभा
इटवा (सिद्धार्थनगर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माफिया की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाकर उनकी कमर तोड़ दी है। अब उनके संपूर्ण सफाया के लिए भाजपा की सरकार एक बार फिर जरूरी है। सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी ने इटवा विधानसभा के मिठौवा में रविवार को आयोजित चुनावी सभा में ये बातें कहीं। वे भाजपा प्रत्याशी डॉ. सतीश चन्द्र द्विवेदी के समर्थन में मिठौवा में बोल रहे थे।
मनोज तिवारी ने कहा कि वर्ष 2012 में प्रदेश की सत्ता में आने पर अवैध कब्जे को लेकर चलाए गए योगी आदित्यनाथ के बुलडोजर से डरे माफिया ने 64 हजार केस में प्रार्थनापत्र देकर कब्जा छोड़ने की अनुमति मांगी थी। प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं आई तो 64 हजार केस में एक बार फिर माफिया खड़े हो जाएंगे।
उन्होने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश में बहन बेटियों का निकलना मुश्किल हो गया था। लोग अपने घरों पर बिक्री का बोर्ड लगाकर पलायन करने को मजबूर थे, परन्तु ऐसे लोग योगी सरकार के आते ही वापस आ गए।
उन्होंने भाजपा की सरकार को सत्ता सौंपने के लिए डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी की जीत पक्की करने की अपील की। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी डॉ. सतीश चन्द्र द्विवेदी ने अपने विकास कार्यों को गिनाया।
कार्यक्रम में राजेंद्र दूबे, कृष्णा मिश्रा, ललाऊ जैसवाल, रामकृपाल चौधरी, रामसूरत चौरसिया, शैलेश पाठक, किसन जैसवाल, राजन पांडेय, राजकिशोर यादव, विकास पांडेय वत्स, रामसब्द उपाध्याय, प्रशांत मिश्रा भी मौजूद रहे।