कार की चपेट से महिला की मौत, तीन घायल
जोगिया। कोवताली क्षेत्र के बांसी-नौगढ़ मार्ग पर स्थित तनजवा गांव के पास कार की चपेट में बाइक आ गई। हादसे में बाइक पर बैठी महिला की मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय पुत्र, देवर और बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। मौके पर पहुंच जोगिया कोतवाल ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं आक्रोशित भीड़ ने कार चालक को पीट दिया, हालांकि पुलिस उसे बचाते हुए थाने पर ले आई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जोगिया कोतवाली क्षेत्र के पारानानकार गांव निवासी अंजली (24) पत्नी बबूल का मायका मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के नागचौरी गांव में है। अंजली अपने दो वर्षीय पुत्र आर्यन को लेकर देवर अखिलेश (17) के साथ गांव के ही रहने वाले अंगद की बाइक से मायके जा रही थी। अभी वे क्षेत्र के ही बांसी-नौगढ़ मार्ग पर स्थित तनजवा गांव के पास पहुंचे थे कि कार की चपेट में बाइक आ गई। हादसे में अंजली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाइक सवार तीन गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंचे कोतवाल तहसीलदार सिंह ने पुलिस टीम की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चिकित्सकों के मुताबिक हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं हादसे के बाद नाराज भीड़ कार चालक पर टूट पड़ी। पुलिस पहुंची और उसे बचाकर थाने ले गई। घरवानों को सूचना देने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में कोतवाल जोगिया तहसीलदार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे। घायलों को जिला अस्पताल में लेकर जाकर भर्ती करा दिया गया। चालक और कार कब्जे में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।