दक्षिण से आने वाली नम हवा बढ़ाएगी सर्दी
सिद्धार्थनगर। जिले में रविवार को दिन भर बादल छाए रहे और शाम होते ही हल्का कोहरा छाने लगा। बादल के कारण मौसम में अचानक परिवर्तन आया और लोग सतर्क हो गए। लोगों ने तह लगाकर रखे गए गर्म कपड़ों को निकाला, ताकि वे सर्दी के असर से बच सकें। मौसम के जानकारों के अनुसार, न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने वाली है।
बताया जा रहा है कि अरब सागर में चक्रवाती दबाव के कारण दक्षिण भारत में बारिश हुई है। वहां से नमी आ रही है और सर्दी बढ़ने का पूर्वानुमान है। न्यूनतम तापमान में जैसे जैसे गिरावट आएगी, वैसे ही सर्दी बढ़ती जाएगी। जिले में रविवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चार दिन पहले तक न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस था। बादल के कारण धूप नहीं हुई, इस कारण अधिकतम तापमान में भी कमी होने का पूर्वानुमान है। मौसम में परिवर्तन के कारण सुबह शाम टहलने वाले लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है।
सर्दी लगने से हो सकते हैं बीमार
संयुक्त जिला चिकित्सालय के फिजिशियन डॉ. सीबी चौधरी ने बताया कि बदलते मौसम के दौर में जिन्हें सर्दी लगेगी, वे बीमार हो सकते हैं। दिन में धूप और रात में अधिक सर्दी के कारण रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कम हो जाती है। अचानक तापमान में परिवर्तन पर शरीर पर खराब असर पड़ता है। ऐसे मौसम में बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा करने की आवश्यकता है। सर्दी, बुखार एवं खांसी के कारण निमोनिया हो रही है।