कार्यक्रम तैयारी में लगे मजदूरों, कर्मियों का हो रहा सत्यापन
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी में लगे सभी मजदूरों, कर्मचारियों और अधिकारियों का सत्यापन होगा। विशेष जांच एजेंसी की ओर से कार्यक्रम स्थल पर कार्यरत सभी लोगों की सूची तैयार करने के साथ ही उनके संबंध में जानकारी ली जा रही है। उधर कार्यक्रम स्थल पर पंडाल एवं सड़क निर्माण करने के साथ ही जोर-शोर से तैयारी जारी रही।
मेडिकल कॉलेज का 25 अक्तूबर को लोकार्पण करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तेजी से तैयारी हो रही है। इसके लिए पीडब्लूडी रेस्ट हाउस में निर्मित हो रहे तीन हेलीपैड, सड़क और बैरिकेडिंग के साथ ही कार्यक्रम स्थल पर पंडाल बनाने में मजदूर लगे हैं। इनके साथ ही कार्य की निगरानी के लिए कर्मचारी और अधिकारी जुटे हुए हैं।
सुरक्षा कारणों से इन सभी लोगों का जांच एजेंसियों की ओर से सत्यापन किया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम स्थल पर चार पंडाल तैयार हो चुके हैं। पांचवें पंडाल का कार्य और कीचड़ सूखाकर बालू डालने का कार्य चल रहा था। साथ ही हेलीपैड का निर्माण तेजी से हो रहा है। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने को है।
प्रदर्शनी में रहेगा नौ मेडिकल कॉलेजों का थ्रीडी मॉडल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम स्थल पर मंच के पास प्रदर्शनी लगेगी। इसमें लोकार्पित होने वाले सभी नौ मेडिकल कॉलेज के थ्रीडी मॉडल, फोटो के साथ मेडिकल कॉलेज के संबंध में विवरण रहेेगा। प्रदर्शनी गैलरी में एक जिला एक उत्पाद के तहत काला नमक चावल, प्रसिद्ध मिठाई रामकटोरी शामिल होगी। इसके अलावा जिला प्रशासन की तरफ से कपिलवस्तु और बुद्ध के संबंध में एएसआई की ओर से छायाचित्र, जिले के महत्वपूर्ण स्थल भारतभारी एवं पल्टादेवी आदि स्थलों की भी प्रदर्शनी लगेगी।
हेलीपैड व मंच के पास बने पांच अस्थायी प्रसाधन गृह
पीडब्लूडी रेस्ट हाउस परिसर में हेलीपैड के पास दो और बीएसए ग्राउंड में मंच के पास तीन अस्थायी प्रसाधन गृह निर्मित हो रहे हैं, जहां जरूरत पड़ने पर विश्राम करने की भी व्यवस्था रहेगी। रेस्ट हाउस में सुरक्षा के मद्देनजर सेफ हाउस स्थापित होगा। साथ ही जिला अस्पताल में आकस्मिक चिकित्सा सेवा केंद्र स्थापित किया जाएगा। जहां किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षाकर्मी और चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी तैयार रहेंगे। मंच और हेलीपैड के पास स्थित प्रसाधन गृह पर एएसपी और मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी की तैनाती रहेगी।