सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के अहिरौली लाला के पास सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार मझौलिया नंबर-2 निवासी संगम यादव (15) पुत्र अरुण यादव और सुधाकर यादव (18) पुत्र रामाश्रय यादव बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करते हुए एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पहुंची एम्बुलेंस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
उपचार के बाद संगम यादव की हालत सामान्य होने पर उसे घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल सुधाकर यादव को बेहतर इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।