फरियादियों से अच्छा व्यवहार करें : आईजी
इटवा। डुमरियागंज में सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था देखने के लिए रविवार को आए आईजी बस्ती एके राय ने इटवा थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ ही थाने पर आने वाले फरियादियों से अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए।
आईजी एके राय इटवा थाने पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों, अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, मालखाना, महिला और पुरुष हवालात का निरीक्षण कर वहां की स्थिति की जानकारी ली। अभिलेखों के उचित रखरखाव के लिए उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक इटवा को निर्देशित किया। आगंतुक रजिस्टर में अंकित शिकायतों के विषय में जानकारी लेने के बाद उनके निस्तारण की स्थितियों की पूछताछ की।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को थाने में आने वाले आगंतुकों के साथ शालीनता पूर्वक विनम्र व्यवहार करने व उनकी समस्याओं को सुनकर तत्काल उन पर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किए। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ व्यवहार अच्छा नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक इटवा ज्ञानेंद्र राय आदि मौजूद रहे।