सांसद जगदंबिका पाल को मांग पत्र सौंपते ककरहवा के व्यापारी।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
व्यापारियों ने उठाई भारत-नेपाल सीमा को खोले जाने की मांग
बर्डपुर। नेपाल सीमा से सटे ककरहवा कस्बा के व्यापारियों ने सांसद जगदंबिका पाल व डीएम दीपक मीणा को पत्र सौंपकर जल्द से भारत-नेपाल सीमा को आवागमन के लिए खोले जाने की मांग की।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ककरहवा के नगर अध्यक्ष अमन जायसवाल के नेतृत्व में कस्बा के व्यापारियों ने सांसद जगदंबिका पाल व जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपा। व्यापारियों ने बताया कि कोविड-19 के कारण पिछले डेढ़ साल से ज्यादा समय से भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह बंद है। इस कारण दोनों देशों के नागरिकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों का व्यापार मंद पड़ने के कारण आर्थिक स्थिति पूरी तरह से लचर हो गई है। आवागमन न होने से व्यापार ठप पड़ गया है। अब कोरोना संक्रमण का असर कम होने से काफी कुछ सामान्य हो रहा है तो सीमा को भी खोले जाने की पहल की जानी चाहिए।
बताया कि नेपाल सरकार ने जल्द ही भारत से लगे अपने सभी नाके जल्द ही खोले जाने के संकेत दिए हैं। सांसद ने बताया कि सीमाई नागरिकों और व्यापारियों के समस्या को देखते जल्द ही गृह मंत्रालय व विदेश मंत्रालय से बात करके सीमा को खोलवाने का प्रयास करूंगा। ककरहवा सीमा के रास्ते मालवाहक वाहनों के आवागमन को शुरू कराने का भी उनका प्रयास जारी है। उम्मीद है जल्द ही सफलता मिल जाएगी। इस दौरान अमन जायसवाल, अवधेश वर्मा, दिनेश जायसवाल, राजकुमार कौशल, तेजप्रताप जायसवाल, सत्यम वर्मा, सर्वेश वर्मा आदि मौजूद रहे।