आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में तीन को जेल
सिद्धार्थनगर। युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में उसकी माता, पिता के साथ ही भाई को खेसरहा थाने की पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों गांव के पास पकड़े गए। पूछताछ करने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। वहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
क्षेत्र के कुडजा गांव निवासी हरिशंकर उर्फ भेली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घर की गली में छत पर रखी ईंट से साड़ी के फंदे के सहारे उनका लटका हुआ शव मिला था। मायके से आई हरिशंकर की पत्नी ने सास, ससुर और जेठ पर आरोप लगाया कि तीनों ने उनके पति की हत्या कर दी थी।
महिला ने कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या सहित अन्य आरोप में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी। एसओ खेसरहा अशोक कुमार वर्मा के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से लटकने से गले में खिंचाव से मौत की पुष्टि हुई थी।
उसके बाद हत्या की धारा को परिवर्तित करके आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा दर्ज की गई। साथ ही पुलिस ने टीम बुधवार सुबह कुडजा गांव के पास से मृतक हरिशंकर के पिता संजय, भाई शिवशंकर और माता किसमावती देवी को गिरफ्तार कर लिया। थाने पर लाकर पूछताछ की गई। उसके बाद तीनों का चालान कर दिया गया।