डुमरियागंज मंदिर चौराहा के निकट बेतरकीब तरीके से खड़े वाहन
डुमरियागंज। डुमरियागंज तहसील मुख्यालय व बैदौला, बेंवा चौराहा आदि स्थानों पर सड़क और उसकी पटरियो पर बेतरतीब टैंपू और प्राइवेट वाहनों के खड़े रहने से आए दिन रास्ता जाम की समस्या के साथ-साथ दुर्घटना का भी खतरा बना रहता है। कई बार तो वीआईपी और जिले के अधिकारियों के वाहन भी जाम में फंस जाया करते हैं। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन अवैध रूप से सड़कों पर वाहनों को पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे उनके हौसले काफी बुलंद है।
डुमरियागंज स्थित मंदिर चौराहा से लेकर डाकघर के निकट तथा डुमरियागंज बढऩी रोड पर एचडीएफसी बैंक के सामने और बैदौला बस्ती मार्ग तथा बैदौला बांसी मार्ग पर अनगिनत टैंपो व जीप व प्राइवेट बस सड़क और उसकी पटरियों पर चालक बेतरतीब ढंग से खड़ा कर देने से सड़क काफी संकरी हो जाती है। जिससे राहगीरों को दिक्कतें होने के साथ-साथ आए दिन डुमरियागंज व बैदौला में जाम की समस्या उत्पन्न हो जाया करती है। कई बार इन वाहनों के जमावड़े के चलते लोग दुर्घटना का भी शिकार हो जाया करते हैं।
बैदौला के मोहम्मद शोएब, बसंत कुमार, अमित तथा डुमरियागंज के हनुमान प्रसाद, पप्पू, इंतजार हैदर, मंजर आदि ने स्थानीय प्रशासन से प्राइवेट वाहनों के अवैध पार्किंग को हटवाए जाने तथा टैक्सी स्टैंड निर्धारित किए जाने की मांग की है। जिससे लोगों को आवागमन में दुश्वारियां ना हो और जाम की समस्या से निजात मिल सके। इस संबंध में एसडीएम प्रवीद्र कुमार ने बताया कि समस्या सज्ञान में आई है। जल्द ही नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के साथ ही वाहनों के अवैध पार्किंग स्थल को हटवाया जाएगा।