सिद्धार्थनगर। रोडवेज बस स्टेशन सिद्धार्थनगर की तलाश करने वालों को अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। जल्द ही रोडवेज परिसर के बाहर सड़क किनारे भव्य गेट का निर्माण होगा। इस पर रोडवेज का बोर्ड लगाया जाएगा। इससे पहचान का संकट खत्म तो होगा ही साथ ही रोडवेज परिसर भी रेलवे स्टेशन सिद्धार्थनगर की तरह नए लुक में नजर आएगा।
रोडवेज परिसर के पुनरुद्धार कार्य के तहत यूपीपीसीएल की ओर से 3.23 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। काम पूरा होने के बाद बस स्टेशन की सूरत बदली जाएगी। रोडवेज परिसर के फर्श का उच्चीकरण और पक्के फर्श का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। बाउंड्रीवाल, यात्रियों के बैठने के लिए बेंच समेत अन्य सुविधाओं का निर्माण हो रहा है। साथ ही दोनों तरफ गेट बनाए जाएंगे।
बता दें कि सिद्धार्थनगर रोडवेज बस स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का अभाव है। बारिश के मौसम में रोडवेज परिसर का फर्श नीचे होने के कारण जलभराव होने से जहां बसों के पहिए फंसने से परेशानी होती है। वहीं, यात्रियों को सांसत झेलनी पड़ती है। वर्तमान में गर्मी में पीने के लिए शुद्ध पानी की उपलब्धता नहीं होने से भी यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इसके देखते हुए परिवहन विभाग की ओर से रोडवेज बस स्टेशन के पुनरुद्धार की कार्ययोजना मांगी गई थी, जिसके लिए शासन से धन स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। रोडवेज परिसर में चल रहे कार्य के पूर्ण होने से अब तक बारिश के मौसम में परिसर में होने वाले जलभराव मुक्ति मिलेगी और यात्रियों को जलभराव और कीचड़ से राहत मिलेगी।
छाजन की है जरूरत, खुले में करते हैं बस का इंतजार
रोडवेज परिसर में यात्रियों के लिए छाजन की व्यवस्था नहीं होने से लोग सर्दी, गर्मी व बरसात में खुले में खड़े होकर बस का इंतजार करने को मजबूर रहते हैं। इससे यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। यहां तेज धूप से बचने के लिए लोग रोडवेज कार्यालय भवन के अंदर और बाहर छांव की तलाश कर फर्श पर बैठने को मजबूर रहते है। वहीं, पुनरुद्धार योजना के तहत भी यहां छाजन का निर्माण नहीं हो रहा है। ऐसे में यात्रियों की समस्या बढ़ जाएगी। शहरवासी राजेश का कहना था कि चाहे धूप हो या बारिश रोडवेज परिसर में यात्रियों के लिए कहीं भी छांव की सुविधा नहीं है। इसके अभाव में ठंड के मौसम में भी लोग ठिठुरते हुए बस का इंतजार करने को मजबूर रहते हैं।
-
पुनरुद्धार योजना के तहत रोडवेज कार्यालय और परिसर में फर्श का उच्चीकरण और वाटर कूलर लगाने समेत अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। छाजन संबंधी कार्य के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
- बीके गंगवार, एआरएम सिद्धार्थनगर रोडवेज