भारत माता के जयघोष के साथ निकली शोभायात्रा
सिद्धार्थनगर। आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर देशभर में स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को सरस्वती शिशु मंदिर मधुकरपुर के बच्चों ने शोभायात्रा निकाली। देशभक्ति गीत और भारत माता के जयघोष से क्षेत्र गूंज उठा। विद्यालय से निकाली गई यात्रा सनई तिराहे पर गई, जहां से फिर वापस आकर विद्यालय में संपन्न हुई। इसमें बच्चों ने 200 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली।
सरस्वती शिशु मंदिर मधुकरपुर से दोपहर 12 बजे शोभा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा विद्यालय से निकलकर एक किलोमीटर दूर सनई तिराहा तक पहुंची। इसमें विद्यामंदिर इंटर कॉलेज तेतरी बाजार के बच्चे भी शामिल हुए। विद्यार्थियों की ओर से 200 मीटर लंबे तिरंगे को लेकर राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए बलिदानियों एवं वीर सपूतों को याद किया गया। भारत माता, शहीद मंगल पांडेय व अमर बलिदानियों के चित्रों से सुसज्जित यात्रा में वंदेमातरम, अमर बलिदानी अमर रहें, का उदघोष करते हुए विद्यार्थी रथ के साथ चल रहे थे। यह देख मार्ग से चलने वाले राहगीर बच्चों को देखते रहे।
इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक तुलसीराम, नगर प्रचारक विनय, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लालजी त्रिपाठी, भाजपा नेता व सांसद पुत्र अभिषेक पाल, प्रधानाचार्य प्रहलाद पांडेय, भाजपा नेता चंद्रभान पहलवान, ओंकार नाथ पांडेय, महादेव प्रसाद, शंभूनाथ गुप्ता, कुंज बिहारी, अंजू चौहान, योगेश कुमार श्रीवास्तव, संतोष मिश्र, अभिनंदन पांडेय आदि मौजूद रहे।