नदी में कूदे युवक को मजदूरों ने बचाया
उसका बाजार। उसका थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के शिवाजी नगर के युवक ने मंगलवार सुबह कूड़ा नदी में छलांग लगा दी। जान की परवाह किए बिना दो मजदूरों ने नदी में कूदकर उस युवक को बचा लिया। युवक ने नदी में छलांग क्यों लगाई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
नगर पंचायत उसका शिवाजी मोहल्ला निवासी युवक मंगलवार की सुबह लगभग दस बजे कूड़ा नदी पर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शी रियाज अहमद के अनुसार, श्ुचक तीन बार काम के बहाने से घर निकल रेलवे पुल के पास आता था, लेकिन वहां मौजूद लोग उसे वापस घर भेज देते थे। चौथी बार वह लोगों से बचते-बचाते वह सीधे रेलवे पुल पर पहुंचा और कूड़ा नदी में छलांग लगा दी।
नदी की धारा के साथ वह बहने लगा। लोगों के शोर मचाने पर नदी के किनारे बन रहे श्मशान घाट पर मजदूरी कर रहे बिहार के पश्चिम चंपारण जिला के निवासी खोभारी मुखिया और वहीं के आंबेडकर नगर निवासी देशराज साहनी ने नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने युवक को डूबने से बचा लिया। मजदूरों के इस साहस की चर्चा अधिकांश लोगों की जुबान पर है। पूछताछ में युवक ने बताया कि पारिवारिक अनबन के कारण उसने यह कदम उठाया था, लेकिन अब उसे अपने कृत्य पर पछतावा हो रहा है।