ससुराल से लौट रहे युवक की बाइक पेड़ से टकराई, मौत
बर्डपुर (सिद्धार्थनगर)। लोटन कोतवाली क्षेत्र के कपिया गांव के पास शनिवार रात एक बाइक सवार युवक पेड़ से टकरा गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। वह अपनी ससुराल से घर लौट रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया।
कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के बनियाभारी गांव निवासी धीरेंद्र गौतम (24) पुत्र छेदी प्रसाद बृहस्पतिवार को अपनी पत्नी के साथ ससुराल महराजगंज जनपद के कोट कमरिया गांव गया था। बताया जा रहा है कि शनिवार को वह बाइक से अपने घर लौट रहा था कि अभी वह लोटन कोतवाली क्षेत्र के कपिया गांव के पास पहुंचा था कि बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में धीरेंद्र की गंभीर चोट के कारण मौत हो गई थी। इस संबंध में कोतवाल लोटन अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंच गए थे। मामले की छानबीन की जा रही है।