ससुराल गए युवक की संदिग्ध हाल में मौत
परसा (सिद्धार्थनगर)। ससुराल गए एक युवक की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन ने शोहरतगढ़ थाने में तहरीर देकर पोस्टमार्टम करवाने की मांग की, ताकि मौत का कारण पता चल सके।
ढ़ेबरूआ थाना क्षेत्र के तालकुंडा गांव के टोला गोनहा निवासी विरंजन (28) पुत्र विश्वनाथ पासवान का विवाह लगभग नौ वर्ष पहले शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के चरिगवां के रहने वाले परशुराम की पुत्री ऊषा के साथ में हुआ था। परिवार के लोगों के अनुसार शुक्रवार को विरंजन होली के मौके पर अपने ससुराल चरिगवां गया था। शनिवार शाम छह बजे चरिगवां से विरंजन के घर पर फोन आया कि विरंजन की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही गोनहा से उसके परिजन के साथ दर्जनों की संख्या में टोले वासी भी चरिगवां पहुंचे। वहां, मृतक की लाश को देखकर लोग तरह-तरह की बातें करने लगे।
मृतक के चाचा राम प्रसाद ने शोहरतगढ़ थाने में तहरीर दी है। इस संबंध में एसएचओ शोहरतगढ़ वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।