नहर में नहाने गए किशोर की डूबकर मौत
लोटन। कोतवाली क्षेत्र के डिहुलिया गांव में शनिवार को निर्माणाधीन नहर में नहाने गए किशोर की डूबकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचानामा करके परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
क्षेत्र के भुसौला अदाई गांव निवासी अतुल मिश्र (17) पुत्र हरिश्याम शनिवार बगल के डिहुलिया गांव के दक्षिण निर्माणाधीन नहर में कुछ लोगों के साथ नहाने गए थे। सड़क के नीचे नहर का पानी जाने के लिए बने होल में पानी बहाव के साथ बहकर वह चले गए। वहां बहुत ही गहरा पानी था और अंदर कई छड़ लगे थे। उसमें उनका जनेऊ फंस गया।
उस कारण वह बाहर नहीं निकल पाए और डूब गए। बाद में साथ में आए लोगों ने खोजबीन की। जब नहीं मिले तो घर वालों को सूचना दी। जानकारी होते ही कई तैरने वाले लोग होल में घुस कर तलाश की। फिर शव मिला। घटना की सूचना पाकर हरिवंशपुर चौकी इंचार्ज रामअशोक यादव मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। इसके बाद पंचनामा करके परिजनों को सुपुर्द कर दिया।