एसएसबी ने मानव तस्कर के चंगुल से नाबालिग को छुड़ाया
खुनुवां। एसएसबी 43वीं वाहिनी सीमा चौकी खुनुवां के जवानों ने चेकिंग के दौरान शनिवार देर शाम सीमा पार करते मानव तस्कर को पकड़ा। उसके कब्जे से नाबालिग लड़की को मुक्त कराया। पूछताछ के बाद दोनों को नेपाल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी 43वीं वाहिनी खुनुवां सीमा चौकी के जवान चेकिंग कर रहे थे, तभी युवक एक लड़की के साथ सीमा में प्रवेश किया। संदिग्ध दिखने के बाद पूछताछ की गई तो युवक ने अपनी पहचान इबरान अली निवासी ग्राम पखरेहटा वार्ड नंबर 10 थाना गोरसिंहे जिला कपिलवस्तु नेपाल बताया। वह लड़की को रोजगार का झांसा देकर ले जा रहा था। पूछताछ के बाद लिखापढ़ी करके दोनों को नेपाल की मर्यादपुर पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान मर्यादपुर पुलिस चौकी प्रभारी एसएसआई धर्मराज भंडारी, एसएसबी हेड कांस्टेबल पवन कुमार, कांस्टेबल शिवमूर्ति सिंह, राम विशाल मिश्र, जितेंद्र साहनी आदि मौजूद रहे।