सपा सरकार में बढ़ा था शिक्षकों का सम्मान: अवधेश
विधान परिषद चुनाव को लेकर सपा कार्यालय पर बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। समाजवादी पार्टी की सरकार में सरकारी व वित्तीय सहायता प्राप्त समेत सभी शिक्षकों के सम्मान में बढ़ोत्तरी हुई थी। इसके साथ ही हजारों की संख्या में स्कूलों को एड देकर उसके शिक्षकों को वेतन दिलाया गया। ये बातें शिक्षक विधायक पद के लिए सपा के घोषित उम्मीदवार अवधेश कुमार यादव ने सपा कार्यालय पर शनिवार को हुई बैठक में कहीं।
कहा कि उप चुनाव में सपा को मिली सफलता से भाजपा की उलटी गिनती शुरू हो गई है। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के साथ ही प्रदेश के सभी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी सपा के ही प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि जिन शिक्षकों की मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हुआ है, उनका नाम छह नवंबर तक सपा जिला व विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारी शिक्षकों से मिलकर उनका नाम जुड़वाने काम पूर्ण करा लें। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष अजय चौधरी व पूर्व विधायक लालजी यादव ने सपाइयों को निर्देश देते हुए कहा कि दिवाली के बाद अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची नाम शामिल कराने के लिए कार्यकर्ता पूरी क्षमता से जुट जाएं। पूर्व विधायक विजय पासवान ने कहा कि शिक्षक विधायक चुनाव में भी सपा को जीत मिलनी तय है। इस दौरान अनूप यादव, पूर्व नपा अध्यक्ष जमील सिद्दीकी, चंद्र मणि यादव, विजय यादव, सोनू यादव, बलई जायसवाल, सुभांगी भारत, उदयभान तिवारी, कृष्ण नाथ यादव, हारून, डॉ. धीरेन्द्र यादव, चंद्रजीत यादव, कलाम सिद्दीकी, पप्पू जायसवाल आदि मौजूद रहे।