सिद्धार्थनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोगिया हड्डी से संबंधित इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब एक्स-रे के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अस्पताल में ही उनकी जांच हो जाएगी। लंबे इंतजार के बाद एक्स-रे मशीन लगा दी गई है।
ऐसे में अब चोट लगने, हड्डी में दर्द, फ्रैक्चर समेत अन्य समस्याओं से परेशान मरीजों को जांच के लिए निजी एक्स-रे केंद्रों या मेडिकल कॉलेज की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मरीजों को इसका लाभ मिलना शुरू हो गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोगिया पर 50 से अधिक गांव के इलाज की जिम्मेदारी है। यहां सीजन के हिसाब से 200 से 400 तक ओपीडी पहुंच जाती है। जैसे मौजूदा समय में ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
अस्पताल में खून की जांच की व्यवस्था थी लेकिन अब तक एक्स-रे की सुविधा नहीं थी। ऐसे में दुर्घटना में घायल होने या हड्डी से संबंधित समस्या लेकर पहुंचने वाले मरीजों को एक्स-रे के लिए निजी केंद्रों या मेडिकल कॉलेज भेजना पड़ता था।