इटवा। इटवा कस्बे के विशुनपुर सैनी मार्ग से कुछ दूर गली में निर्माणाधीन मकान में रविवार को करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। ढलाई के लिए सरिया इकट्ठा करते समय हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से हादसा हुआ। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक इटवा थाने के ग्राम घोपलापुर निवासी अशोक कुमार (39) पुत्र विनोद कुमार राजगीर का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि इधर काफी दिन से इटवा कस्बे में विशुनपुर सैनी मार्ग पर निर्माणाधीन मकान पर वह कार्य कर रहा था। रविवार को भी वह मकान पर चुनाई कर रहा था। ढलाई का कार्य होना था। इसके लिए बांधने के लिए मजदूर उसे पूर्व में काटी गई लोहे की सरिया दे रहे थे। इसी दौरान सरिया को उठाकर दीवार पर रखते समय उसका एक सिरा हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया।
इससे वह अचेत होकर गिर पड़ा। मकान के मालिक और अन्य साथी उसे लेकर सीएचसी इटवा पर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में एसओ इटवा अनिल कुमार दुबे ने बताया कि लाश पीएम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।