- बिस्कोहर न्याय पंचायत के 19 स्कूलों में दिखा उत्साह, छोटे बच्चों से पूछे गए मौखिक सवाल
बिस्कोहर। भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के न्याय पंचायत बिस्कोहर के परिषदीय विद्यालयों में बुधवार से नए सत्र की प्रथम सत्र परीक्षा का शांतिपूर्ण परीक्षा हुई। परीक्षा के पहले दिन बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
क्षेत्र के कुल 19 विद्यालयों में चार कंपोजिट, दो माध्यमिक और 13 प्राथमिक विद्यालयों में परीक्षाओं का आयोजन पूरी शुचिता के साथ किया गया। पहले दिन बुधवार को न्याय पंचायत के अंतर्गत कुल 94 प्रतिशत छात्र-छात्राओं की उपस्थिति दर्ज की गई। संकुल हेड उमाकांत गुप्ता और संकुल प्रभारी गोपेश दुबे ने संयुक्त रूप से बताया कि न्याय पंचायत क्षेत्र के प्राथमिक स्तर कक्षा एक से पांच में कुल 1230 और उच्च प्राथमिक स्तर कक्षा छह से आठ में कुल 852 छात्र-छात्राएं परीक्षा में पंजीकृत हैं। पहले दिन दोनों ही स्तरों पर बच्चों की उपस्थिति बेहद सराहनीय रही।
-
खेल-खेल में दूर हुआ नौनिहालों का परीक्षा डर
प्राथमिक विद्यालय हरिबंधनपुर के इंचार्ज प्रधानाध्यापक आशीष चौधरी ने बताया कि शासन की मंशानुसार कक्षा एक से पांच तक के बच्चों के लिए माहौल को पूरी तरह तनावमुक्त रखा गया। बच्चों से अब तक पढ़ाए गए पाठ के आधार पर ही रोचक मौखिक प्रश्न पूछे गए, जिससे उनके मन से परीक्षा का भय दूर हुआ। परीक्षा देने के बाद कक्षा दो के छात्र प्रियांशु ने कहा सर ने हमसे जो कविता और गिनती पूछी, वह हमें पहले से याद थी, बहुत मजा आया। वहीं, कक्षा चार की छात्रा दिव्यांशी और कक्षा पांच के छात्र शनि भारती ने बताया कि शिक्षकों ने उनसे पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछे और उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के सारे जवाब दिए।
-
दो पालियों में हुई लिखित परीक्षा
दूसरी ओर, कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों के लिए दो पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। प्रथम पाली में छात्रों के लिए कृषि विज्ञान और छात्राओं के लिए गृह विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। वहीं द्वितीय पाली में सभी छात्र-छात्राओं ने खेलकूद और शारीरिक स्वास्थ्य विषय की परीक्षा दी। सभी केंद्रों पर समय से विद्यालय में तैयार की गई प्रश्न-पत्र और उत्तर-पुस्तिकाएं वितरित की गईं।