- 30 अक्तूबर तक होगा संचालन, आसान होगा सफर
सिद्धार्थनगर। परिवहन निगम दीपावली के साथ छठ पूजा को लेकर भी स्पेशल बस को संचालित कर रहा है। इससे छठ में अपने घर आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। परिवहन निगम ने इसके लिए जिले से पांच अतिरिक्त बस चलाने के साथ आठ बसों के फेरे बढ़ाए हैं।
एआरएम विजय कुमार गंगवार ने बताया कि त्योहार के सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इससे डिपो से कई स्पेशल बस व अन्य लोकल रूट पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। इसमें लखनऊ के लिए दो स्पेशल बस, दिल्ली के लिए एक बस सहित अन्य रूट पर सवारियों के अनुसार बस बढ़ाई गई है। वहीं गोरखपुर, बस्ती सहित अन्य जिले के लोकल रूट के लिए बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं जबकि जिले में आई पांच छोटी बसों को सभी लोकल रूट पर संचालित किया जा रहा है। इससे यात्री आसानी से अपने गंतव्य तक यात्रा कर पाएंगे। स्पेशल बसों का संचालन व अतिरिक्त फेरे की व्यवस्था 30 अक्तूबर तक लागू रहेगी।