भनवापुर। खुनियांव ब्लाॅक और गोल्हौरा थाना क्षेत्र के सहकारी समिति मटेसर नानकार के सचिव पर वहां की महिला अध्यक्ष रीना पाठक ने फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेज बनाकर खाद उठान प्रमाण पत्र बैंक में देने का आरोप लगाया है। अध्यक्ष ने डीएम व एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
अध्यक्ष रीना पाठक ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को शपथ पत्र देकर आरोप लगाया कि सहकारी समिति नानकार के सचिव द्वारा सहकारी बैंक की शाखा इटवा में दो अलग-अलग तारीखों में उर्वरक उठाने के मांग पत्र पर उनका कूटरचित हस्ताक्षर बनाया गया था, जिसकी जानकारी होने पर उन्होंने पूर्व में एआर सहकारिता को प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग की थी। मगर उस पर अब तक कोई कार्रवाई न होने से शपथ पत्र के साथ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से जांच कर कार्रवाई की माग की है।
इस संबंध में शाखा प्रबंधक जिला सहकारी बैंक इटवा विनय मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। पूर्व के शाखा प्रबंधक के कार्यकाल का मामला होगा। हस्ताक्षर सही है अथवा गलत इसकी जानकारी मुझे नहीं है। वहीं एआर सहकारिता प्रकाश गौतम ने बताया कि मैं लखनऊ हाॅस्पिटल में हूं कार्यालय पहुंचने के बाद ही कुछ बता सकते हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष गोल्हौरा रामदेव का कहना है कि मामला संज्ञान नहीं है, यदि इस तरफ का कोई प्रकरण आता है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।