सिद्धार्थनगर। उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही युवतियों को भी अब खाकी भाने लगी है। वर्दी की चाह में वह अभी से इसे पाने की तैयारी में जुट गई हैं। इससे वह अभी से ही संबंधित विषयों की पढ़ाई के साथ फिजिकल फिटनेस की तैयारी कर रही हैं।
छात्राओं का कहना है कि स्नातक की पढ़ाई के साथ ही है सरकारी सेवा में जाने का यह सबसे सुनहरा मौका है। 31 दिसंबर से पुलिस आरक्षी भर्ती प्रक्रिया में ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। इसके चलते शहर की निजी और सरकारी पुस्तकालय में तैयारी करने भी जा रही हैं।
पुस्तकालय में वह गणित, तर्कशक्ति और सामान्य ज्ञान के सवालों को हल करने के लिए कई घंटों तक समय दे रही हैं। उनका कहना है कि स्नातक की पढ़ाई के साथ-साथ पुलिस आरक्षी (कांस्टेबल) भर्ती परीक्षा को फतह करने के लिए दिन-रात एक कर रही हैं। उनका मानना है कि डिग्री के अलावा समय रहते नौकरी करना भी बेहद जरूरी हैं, ऐसे में जब भर्तियां आ रहीं हैं तो उसको समय रहते ही हासिल करने के लिए तैयारी करना जरूरी हैं। इसके लिए पहले से ही तैयारी करना जरूरी है।