रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से क्यूआर कोड अब हो रहा भुगतान।
- फोटो : संवाद
- फुटकर को लेकर नहीं होगी परेशानी, आसान होगा सफर, सभी स्टेशनों पर मिलेगी सुविधा
-सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन आते हैं पांच हजार से अधिक यात्री
सिद्धार्थनगर। रेलवे स्टेशन पर डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए क्यूआर कोड डिवाइस लगाई गई है। अब यह सुविधा जल्द ही सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर भी मिलेगी। इससे यात्रियों को अब फुटकर रुपये लेकर कतार में खड़े होने की परेशानी नहीं होगी। क्यूआर कोड से लोगों कैशलेस होने के बाद भी आसानी से टिकट प्राप्त हो जाएगा।
यूटीएस और पीआरएस काउंटर पर क्यूआर कोड डिवाइस को लगाया गया है। इससे जहां लोगों को फुटकर कराने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना होगा, वहीं लंबी लाइन के झंझट से भी उन्हें मुक्ति मिलेगी। नई व्यवस्था से डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा मिलेगा। रेलवे मंत्रालय की ओर से रेल यात्रियों को टिकट किराया भुगतान करने के लिए यूटीएस मोबाइल एप, एटीवीएम सहित पीओएस और यूपीआई जैसे डिजिटल भुगतान की सुविधा पहले से ही मिल रही है। अब रेलवे स्टेशन पर आकर टिकट लेने वालों के लिए भी क्यूआर कोड से ऑनलाइन भुगतान से आसान हो जाएगी। यह सुविधा जल्द ही सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर मिलेगी, जिससे यात्रियों का सफर आसान होगा। यात्रियों को पैसे नहीं रहने की झंझट से भी छुटकारा मिलेगा।
स्टेशन अधीक्षक डीके उपाध्याय ने बताया कि यात्रियों को सुविधा देने के लिए रेलवे में डिजिटल सेवाओं को काफी मजबूत बनाया जा रहा है। सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन पर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा पहले से ही है। जल्द ही यह सुविधा सभी स्टेशनों पर मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस सुविधा से आधुनिक युग में डिजिटल सेवा होना जरूरी है।