- बेंवा सीएचसी पर जिला नोडल आरसीएच की मौजूदगी में आयोजित हुई समीक्षा बैठक
- यू-विन और ई-कवच पोर्टल पर समय से डाटा अपलोड करने पर जोर
भवानीगंज/भारतभारी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरजी सिंह ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण सत्रों में कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए एएनएम समय से सत्र स्थलों पर पहुंचकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें।
अधीक्षक डॉ. विकास चौधरी ने एएनएम को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्य पूर्ण करने के बाद यू-विन पोर्टल पर लॉगइन कर सभी टीकाकरण का विवरण दर्ज करें और ई-कवच पोर्टल पर समय से डाटा फीड करें। उन्होंने कहा कि आभा कार्ड, आयुष्मान कार्ड और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) की ड्यू लिस्ट के आधार पर लाभार्थियों की जांच, लाइन लिस्टिंग, उपचार और टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पांच वर्ष तक के सभी बच्चों का हेड काउंट सर्वे कराने तथा कोई भी बच्चा टीकाकरण से न छूटे, इस पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर डिविजनल कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र शुक्ला, बीसीपीएम वीरेंद्र यादव, राजेश कुमार, वीरेंद्र विक्रम सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।