- चिल्हिया थाना क्षेत्र के बरगदही गांव का मामला, तहरीर के आधार पर पुलिस जांच में जुटी
शोहरतगढ़। चिल्हिया थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में सोमवार सुबह एक महिला ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और नकदी और जेवरात ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामला रिश्तेदारी के विवाद से जुड़ा है और जांच की जा रही है।
बरगदही गांव निवासी राजकुमारी पत्नी गंगाराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे मुडिला खुर्द गांव के कुछ लोग उनके घर पहुंचे। उस समय वह घर में अकेली थीं। आरोप है कि सभी लोग गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मकान में लगा पतरा और दरवाजा तोड़कर जबरन घर में प्रवेश कर लिया। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने कमरे में रखे सामान की तोड़फोड़ की, बक्से का सामान बिखेर दिया और उसमें रखी नकदी और जेवरात लेकर चले गए। घटना के बाद उन्होंने चिल्हिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
चिल्हिया थाना प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला रिश्तेदारी के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।