पान मसाला की कीमत मांगने पर दुकानदार को पीटा
डुमरियागंज। दुकान से पान मसाला लेने के बाद उसकी कीमत मांगने पर युवक ने दुकानदार को अपशब्द कहते हुए पीटकर घायल कर दिया। पुलिस नामजद आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। दुकानदार दिव्यांग बताया जा रहा है।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर चार रामनगर बनगवां बरईं निवासी मोहम्मद करीम डुमरियागंज-बस्ती मार्ग पर बनगवां बरईं जाने वाले मार्ग पर गुमटी में पान, मसाला बेचकर जीविकोपार्जन करते हैं। आरोप है कि बुधवार रात लगभग नौ बजे मोहम्मद करीम की दुकान पर उनके वार्ड के ही अंकेश अग्रहरि आया और पान मसाला लेकर जाने लगा।
दुकानदार ने उसकी कीमत देने के लिए कहा। आरोप है कि अंकेश ने अपशब्द कहते हुए दुकानदार को पीटकर घायल कर दिया। इस मामले में पीड़ित दुकानदार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस संबंध में डुमरियागंज थानाध्यक्ष सूर्यभान सिंह ने बताया कि आरोपी युवक अंकेश अग्रहरि के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।