एसओ उसका को एसआई बनाकर पथरा थाने भेजा गया
- छितरापार गांव में भूमि विवाद में मारपीट के मामले में कार्रवाई
- पुलिस की मौजूदगी में हुआ युवक का अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
उसका बाजार। थाना क्षेत्र के छितरापार गांव में भूमि विवाद में हुए मारपीट में युवक की मौत के बाद परिजनों ने सोमवार को शव को दफना दिया। तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस बल तैनात है। उधर, एसओ उसका सतीश कुमार सिंह को पथरा थाने में बतौर एसआई बनाकर भेजा गया है। उनके स्थान पर सूर्यभान सिंह को एसओ उसका बनाया गया है।
उसका थाना क्षेत्र के छितरापार गांव में दो दिन पहले हुई मारपीट में घायल युवक धीरज (25) की मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। जिसका शव वापस आते ही नाराज परिजनों एवं ग्रामीणों ने शहर के अशोक मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए रास्ता जाम कर दिया था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम हटवाकर शव को घर भेजवाया। इसके बाद तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। सोमवार सुबह बहुत मान-मनौव्वल के बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए और शव को गांव के बूढ़ी राप्ती नदी के किनारे दफनाया गया। इस दौरान एएसपी सुरेश चंद्र रावत, सीओ सदर प्रदीप यादव, एसओ सदर तहसीलदार सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौजूद रही। वहीं, एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि एसओ उसका सतीश कुमार सिंह का स्थानांतरण जनहित में पथरा थाने में बतौर एसआई किया गया है।
-------------
छह हत्यारोपित भेजे गए जेल
मारपीट में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने दर्ज मामले में छह आरोपितों पंच बहादूर, अशर्फी, खदेरू उर्फ शिवकुमार, पिंटू कुमार, मुईली, रूक्मिणी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। धीरज के पिता गोविंद का कहना है कि मामले के मुख्य आरोपित अभी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। उसके बाहर रहने से परिजनों को खतरा है।
--------------
प्रदर्शन करने वालों पर भी केस दर्ज
युवक की हत्या से नाराज ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया था। जिस मामले में सदर थाने में प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसओ सदर तहसीलदार सिंह ने बताया कि मामले में नामजद एवं अज्ञात पर केस दर्जकर मामले की छानबीन की जा रही है।