मतगणना के दौरान सुरक्षा रहेगी चाक-चौबंद
सिद्धार्थनगर। मतगणना के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। सुरक्षा के मद्देनजर छह सीओ और 12 थानाध्यक्ष सहित एक हजार से अधिक जवान तैनात रहेंगे। मतगणना स्थल पर चप्पे-चप्पे पर तैनात सुरक्षा कर्मी पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखेंगे और गड़बड़ी करने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटेंगे।
जिले की पांच विधानसभा सीटों के लिए छठे चरण में तीन मार्च को मतदान हुआ था। मतगणना को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। शांति व्यवस्था के बीच मतगणना संपन्न कराने के लिए मंडी समिति के साथ ही नगर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस संबंध में एएसपी सुरेशचंद रावत ने बताया कि मतगणना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। इसमें अगर कोई गड़बड़ी करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इतने सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात
मतगणना ड्यूटी में कुल छह सीओ, 12 थानाध्यक्ष, 100 उपनिरीक्षक, 525 मुख्य आरक्षी, आरक्षी, 50 महिला आरक्षी, 300 अर्धसैनिक बल के जवान, एक कंपनी पीएसी, दो फायर टेंडर एवं पर्याप्त संख्या में सिविल में पुलिस बल लगाया जाएगा।
इन रूट पर नहीं जाएंगे वाहन, जानकारी लेकर ही घर से निकलें
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। मतगणना को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। जाम की स्थिति से निपटने के लिए रुट डायवर्ट किया गया है। इसलिए रूट देखने के बाद ही घर से निकलें। पुलिस ने शहर में प्रवेश करने वाले हर मार्ग पर बड़े वाहनों के प्रवेश को बृहस्पतिवार को रोक दिया है। नवीन मंडी परिसर नौगढ़ में मतगणना को दृष्टिगत रखते हुए यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था इस प्रकार से की गई है।
रूट डायवर्जन
1. साड़ी तिराहा से हाइडिल तिराहा की तरफ केवल मतगणना से संबंधित व्यक्तियों के वाहनों को जाने दिया जाएगा। अन्य वाहनों को कलेक्ट्रेट की तरफ से शहर में डायवर्ट किया जाएगा।
2. हाईडिल तिराहा से नवीन मंडी मोड़ की तरफ वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। बल्कि हाइडिल तिराहा से जिन वाहनों को शहर में जाना है, उसे साड़ी तिराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा जो कलेक्ट्रेट की तरफ से शहर में प्रवेश करेंगे।
3. समस्त प्रत्याशियों एवं मीडिया कर्मी के वाहनों हाइडिल तिराहा से थरौली मोहल्ला होकर थरौली बाग के सामने से मंडी परिसर के बगल के खाली मैदान में पार्क होंगे।
4. सिद्धार्थ तिराहा की तरफ से आने वाले मतगणना कर्मियों एवं अभिकर्ताओं के वाहन ब्लॉक नौगढ़ परिसर में पार्क किए जाएंगे।
5. साड़ी तिराहा, उसका बाजार की तरफ से आने वाले मतगणना कर्मियों के वाहन हाइडिल तिराहा से उसका रोड पर 200 मीटर जाकर बायें मुड़कर सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल के सामने से होकर थरौली मोहल्ला होकर थरौली बाग में वाहन पार्क किया जाएगा।
6. मतगणना अभिकर्ताओं के वाहन केंद्रीय विद्यालय के परिसर में पार्क किये जाएंगे। ब्लॉक परिसर से हाइडिल तिराहे के मध्य तथा मंडी मोड़ से लेकर मंडी गेट तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
मतगणना में यह जरूरी
1.मतगणना परिसर में मतगणना कर्मियों के अतिरिक्त चुनाव ड्यूटी में लगे लोकसेवक, प्रत्याशी तथा उनके चुनाव अभिकर्ता, मतगणना अभिकर्ताओं एवं मीडिया कर्मियों का प्रवेश फोटोयुक्त पास के आधार पर ही हो सकेगा।
2. मतगणना परिसर के अंदर कोई भी व्यक्ति ज्वलनशील पदार्थ अस्त्र, शस्त्र, मोबाइल फोन, बीड़ी सिगरेट, गुटखा इत्यादि नही ले जा सकेंगे।