संवाद न्यूज एजेंसी
कपिलवस्तु। अगर नेपाल में वाहन से काठमांडू जाने की सोच रहे हैं तो यह आपके लिए काम की खबर है। भारी बारिश के कारण पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर दाउनने काठमांडू जाने वाली सड़क बह गई, जिससे आवागमन ठप हो गया है।अगर काठमांडू इस मार्ग से जाना चाह रहे हैं तो प्लान बदल दें।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण दाऊनने सड़क अवरुद्ध हो गई है। रूपनहेही-नवलपरासी को जोड़ने वाले राजमार्ग पर बरदाघाट नगरपालिका वार्ड नंबर चार में खुरसानी नदी के पास सड़क टूटने से यातायात बाधित हो गया। बरदाघाट बाजार से लगभग तीन किलोमीटर पश्चिम में स्थित इस क्षेत्र में सड़क का लगभग सात मीटर हिस्से पर जलभराव हो गया है।
क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय, बरदाघाट के प्रधान पुलिस निरीक्षक दीपेंद्र बनिया ने बताया कि सड़क बनाने के दौरान बनाई गई ढलान भी ध्वस्त हो गई है। उनके अनुसार शुक्रवार से अवरुद्ध यह सड़क शनिवार सुबह तक भी चालू नहीं हो पाई है। शनिवार सुबह भी हल्की बारिश के कारण मरम्मत कार्य में दिक्कत आ रही है।
सड़क प्रमंडल कार्यालय एवं निर्माण कंपनी के समन्वय से पानी रुकते ही सड़क को चालू करने की पहल की जा रही है।
कुछ दिन पहले ही निर्माण कार्य के कारण दाऊनने सड़क खंड को आंशिक रूप से बंद कर दिया गया था।
हाल ही में, यह खंड सामान्य वर्षा के दौरान भी सड़क फिसलन, भूस्खलन या बाढ़ जैसी समस्याओं के कारण अक्सर अवरुद्ध हो जाता है। कल रात से सड़क पूरी तरह बंद होने से पूर्व-पश्चिम यातायात पर बड़ा असर पड़ा है। वर्तमान में पश्चिम से पूर्व की ओर जाने वाले वाहनों को बरदाघाट में रोका जाता है, जबकि पूर्व से पश्चिम की ओर जाने वाले वाहनों को दुमकीबास के जियामीरे में रोका जाता है।