स्वीकृत होने के एक वर्ष बाद भी नहीं बनी सड़क
लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर विधायक ने जताई नाराजगी
सिद्घार्थनगर। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। शासन से स्वीकृत सड़क के निर्माण के लिए धन अवमुक्त होने के बाद भी काम नहीं शुरू हो पाया। शोहरतगढ़ के विधायक चौधरी अमर सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी विभागीय जिम्मेदाराें पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। एक वर्ष पूर्व शासन से स्वीकृत सड़क का निर्माण न होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है।
विधायक ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में चिल्हिया-पल्टा देवी मार्ग काफी जर्जर है। इस मार्ग पर चिल्हिया के पास सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गई है। लोगों की सुविधा के लिए 100 मीटर सीसी रोड के निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिली थी। शासन से उक्त कार्य का धन भी अवमुक्त हो चुका है। बावजूद इसके विभागीय लापरवाही के चलते एक वर्ष बीत जाने के बाद सड़क नहीं बनी। विधायक ने इसकी शिकायत डीएम से करते हुए कहा कि यदि सड़क निर्माण नहीं शुरू हुआ तो वह इसकी शिकायत प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग से करेंगे। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड अशोक कुमार ने बताया कि एक सप्ताह में इसका निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।