हटाए गए बर्डपुर के बीडीओ, ग्राम विकास अभिकरण से संबद्ध
सिद्धार्थनगर। अनियमितता के मामले में आरोपी बनाए गए बीडीओ बर्डपुर नीरज कुमार को हटाते हुए जिला ग्राम्य विकास अभिकरण से संबद्ध कर दिया गया। डीएम संजीव रंजन के अनुमोदन पर मंगलवार को आयुक्त ग्राम्य विकास ने बर्डपुर बीडीओ समेत 10 बीडीओ को स्थानांतरित करते हुए उनके कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है।
डीडीओ शेषमणि सिंह ने बताया कि बर्डपुर बीडीओ नीरज कुमार को जिला ग्राम्य विकास अभिकरण में संबद्ध करते हुए उनका कार्य प्रभार बीडीओ नौगढ़ को दे दिया गया है। इसके अलावा बीडीओ बढ़नी सतीश कुमार सिंह को स्थानांतरित कर मिठवल ब्लॉक के साथ ही जोगिया का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
बीडीओ नौगढ़ संगीता यादव को शोहतरगढ़, बीडीओ इटवा अरुण कुमार श्रीवास्तव को नौगढ़ और बीडीओ खेसरहा राजकुमार को इटवा ब्लॉक की जिम्मेदारी दी गई है। जिले में नए आए बीडीओ राकेश कुमार शुक्ल को बढ़नी, चंद्रभान उपाध्याय को खेसरहा, लालजी शुक्ल को लोटन बाजार और सुरेश कुमार को बर्डपुर ब्लॉक का बीडीओ नियुक्त किया गया है। वहीं प्रशिक्षु एसडीएम प्रवीण यादव को बांसी ब्लॉक का बीडीओ नियुक्त किया गया है।
नए बीईओ मिली तैनाती
जिले में नए आए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) महेंद्र प्रसाद को बर्डपुर का बीईओ बनाया गया है। संजय कुमार को डुमरियागंज एवं कुंवर विक्रम पांडेय को जोगिया का बीईओ नियुक्त किया गया है।