संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। मौसम में बदलाव का दौर लगातार जारी है। रविवार सुबह से शुरू हुई बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली। साथ ही छुट्टी का दिन होने से लोग घर से निकलने से कतराते रहे। इससे सड़क और बाजार सूने रहे।
वहीं, दोपहर बाद बारिश न होने और आसमान में बादल छाए रहने से पार्क आदि स्थानों पर लोग टहलते नजर आए।
सुबह से हुई बारिश के चलते रविवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश बंद होने के बाद भी आसमान में बादल छाए रहे, जिससे लोगों को उमस ने ज्यादा परेशान नहीं किया।
पांच दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश और धूप न निकलने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। शनिवार सुबह बारिश होने के बाद रविवार को भोर से शुरू हुई बारिश दोपहर होती रही। इससे लोगों को गर्मी से निजात मिल गई। शहर में अच्छी बारिश हुई लेकिन जिले के कई जगहों पर हल्की बारिश हुई।
वहीं, कुछ जगहों पर सिर्फ बूंदाबांदी ही हुई लेकिन धूप न निकलने के कारण लोग गर्मी से राहत महसूस करते दिखे। शहर में सड़क और पार्क में लोग मौसम का आनंद उठाते नजर आए।