कांग्रेस नेताओं पर केस दर्ज होने के विरोध में प्रदर्शन
सिद्धार्थनगर। प्रतापगढ़ जिले में कांग्रेस के नेता व विधायक आराधना मिश्रा तथा वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी पर केस दर्ज करने के विरोध में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग की गई है।
इस दौरान पूर्व सांसद मोहम्मद मुकीम ने कहा कि प्रतापगढ़ जिले में भाजपा सांसद एवं कांग्रेस नेताओं के समर्थकों के बीच हुई मारपीट के मामले में कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना और प्रमोद तिवारी समेत अन्य कांग्रेसियों पर फर्जी आरोपों में केस दर्ज हुआ है। ऐसा करके कांग्रेसियों की आवाज दबाई नहीं जा सकती।
जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद और डॉ. चंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार के काले कारनामों को छिपाने के लिए विपक्षियों पर झूठे, बेबुनियाद एवं घृणित आरोप लगाते हुए फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। इस दौरान डॉ. अरविंद शुक्ल, कांग्रेस नेता सच्चिदानंद पांडेय, कैलाश पंक्षी, देवेंद्र कुमार गुड्डू, सादिक अहमद, रंजना, डॉ. ओपी श्रीवास्तव, दिनेश कुमार वर्मा, राजेश सिंह, केबी सिंह, फैजान अहमद, धर्मेश पांडेय, गुल मोहम्मद, पप्पू राय, कृष्ण गोपाल, सत्यम पांडेय, सूर्य प्रकाश चौधरी आदि मौजूद रहे।