बिजली आपूर्ति बदहाल, उपभोक्ता परेशान
शोहरतगढ़। तहसील क्षेत्र में बिजली निगम की लापरवाही से उपभोक्ता त्रस्त हैं। अघोषित बिजली कटौती, ट्रिपिंग से दिन में मात्र आठ से बारह घंटे तक ही बिजली मिलती है। उपभोक्ताओं ने डीएम और निगम के अधिशाषी अभियंता से विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।
क्षेत्र में शोहरतगढ़ नगर, देहात, बोहली, ढेबरुआ विद्युत उपकेंद्रों से गांवों में हजारों विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति होती है। मौजूदा समय में बिजली आने का व जाने का न कोई समय है और न ही रोस्टिंग। बावजूद इसके अधिकतर समय बिजली गायब रहती है। तहसील क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा भारत-नेपाल सीमा से सटा है। रात्रिकालीन विद्युत कटौती से तस्करी करने वालों को आसानी होती है। उपभोक्ता दीपक, सुनील कुमार, मनीष, वीरेंद्र श्रीवास्तव, रमेश, अजय, सदरे आलम, रामकिशोर, संदीप कुमार, सलाउद्दीन के मुताबिक पूरे दिन में बारह से सोलह घंटे बिजली भी नहीं मिल रही है। बिजली न रहने पर अगर उपकेंद्र फोन किया जाता है तो बताया जाता है कि कहीं फाल्ट के कारण बिजली कटी है। बारिश, उमस के इस मौसम में दोपहर और रात में बिजली कटने से उपभोक्ता परेशान हैं। शोहरतगढ़ क्षेत्र के एसडीओ आशुतोष अग्रहरि का कहना है कि बारिश के कारण लोकल फाल्टों में अधिकता आई है। फिर भी समुचित विद्युत आपूर्ति का प्रयास किया जा रहा है।