महिला वर्ग में गोंडा और कुशीनगर के बीच खिताबी मुकाबला आज
सिद्धार्थनगर। पुलिस लाइंस परिसर में चल रही गोरखपुर जोन की 74वीं अंतर जनपदीय पुलिस हॉकी (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 में रोमांचक मुकाबलों के बाद पुरुष वर्ग के फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। खिताबी मुकाबले में मेजबान सिद्धार्थनगर की टीम का सामना बस्ती से होगा। वहीं, महिला वर्ग में गोंडा और कुशीनगर की टीमें आमने-सामने होंगी।
प्रतियोगिता में गोरखपुर जोन के नौ जनपदों की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया है। रविवार को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में बस्ती और गोंडा के बीच मुकाबला निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी पर रहा। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में बस्ती ने 4-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान सिद्धार्थनगर ने देवरिया को 2-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। सिद्धार्थनगर की ओर से अजीत और संदीप ने एक-एक गोल किया।
इससे पूर्व पुरुष वर्ग के क्वार्टर फाइनल में गोंडा और देवरिया की जीत हुई। पुरुष वर्ग के तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गोंडा और कुशीनगर की टीम आमने-सामने हुईं। इसमें गोंडा ने शानदार खेल दिखाते हुए कुशीनगर को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। गोंडा की ओर से नारद सिंह, शिवांद, विनय (प्रथम), धर्मेंद्र और विनय (द्वितीय) ने एक-एक गोल किया। चौथे क्वार्टर फाइनल में देवरिया ने संतकबीरनगर को कड़े मुकाबले में 3-2 से शिकस्त दी। देवरिया की ओर से अजीत चौबे, दीपक मौर्या और कमरान ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया।
महिला वर्ग में गोंडा और कुशीनगर फाइनल में
महिला वर्ग के पहले सेमीफाइनल में गोंडा ने बस्ती को 1-0 से हराया। गोंडा की नेहा सिंह ने निर्णायक गोल किया। दूसरे सेमीफाइनल में कुशीनगर और देवरिया के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। पेनल्टी शूटआउट में कुशीनगर ने 2-1 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
-
आज होगा खिताबी मुकाबला
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 27 जुलाई को पुलिस लाइंस परिसर सिद्धार्थनगर में खेला जाएगा। पुरुष वर्ग में सिद्धार्थनगर और बस्ती और महिला वर्ग में गोंडा और कुशीनगर की टीमें आमने-सामने होंगी। मेजबान टीम के फाइनल में पहुंचने से प्रतियोगिता को लेकर पुलिस लाइन परिसर में उत्साह का माहौल है।